Sunday, May 19, 2024

Flash Back

सरदूल सिकंदर के दस सुपरहिट गाने जो आज भी हैं हर एक की जुबान पर

लवलीन धालीवाल | February 24, 2021 11:21 PM

यूट्यब और सोशल मीडिया के बिना भी रातों-रात कैसे स्टार बना जाता है, ये कोई सरदूल सिकंदर से सीखे। आज सरदूल सिकंदर के जाने की टीस पंजाबी इंडस्ट्री से जुड़े हर इंसान के दिल में है क्योंकि वो कभी न कभी हर किसी की प्रेरणा रहे।  आज के यूट्यूब के चमकते सितारों ने सितारा बनने का सपना कभी सरदूल सिकंदर को देखकर ही बुना होगा। पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में तब दो ही नाम चमकते थे सरदूल सिकंदर और गुरदास मान। पिछले 30 सालों से सरदूल सिकंदर ने बहुत से हिट्स दिए। लिस्ट है ऐसे ही दस सुपरहिट गानों की।

हुस्नां दे मालको सताया ना करो

यह गाना उनकी पहली एलबम से था। 1991 में सरदूल सिकंदर की पहली एलबम आई हुस्नां दे मालको। इतनी पॉपुलर हुई कि इसकी 5.1 मीलियन कॉपीज बिकी। यही नहीं फैंस इसे आज भी खरीदते हैं और अपनी कलेक्शन में सहेजकर रखते हैं।

इक चरखा गली दे विच

1999 में यह गाना आया था और आज भी सुपर डुपर हिट है। बरसों तक यह गाना यह पार्टी की शान रहा और सरदूल को एक नई पहचान भी इसी गाने से मिली। सोशल मीडिया आने के बाद आज यूट्यूब पर भी यह गाना जबरदस्त हिट है।  

सानू इश्क बरांडी चढ़ गई

सरदूल सिकंदर का एक और सुपर हिट गाना जिसे हर भाषा के लोगों ने सुना और पसंद किया। यह गाना भी उनकी 1999 में आई एलबम ओ हो से ही है।  आज भी यह गाना उतना ही फेमस है जितना पहले था। इस गाने के लिए सरदूल को हमेशा याद किया जाएगा। 

खत टुकड़े टुकड़े

सरदूल सिकंदर अपने सैड सॉन्गस के लिए भी जाने जाते हैं। जितने उनके पार्टी सॉन्ग हिट रहे उतने ही सैड भी। उनका सबसे फेमस सैड सॉन्ग है खत टुकड़े टुकड़े। चाहे किसी का दिल टूटा हो या नहीं पर यह गाना हर पंजाबी युवा की पसंद रहा है।

गोरी गल उत्ते नील पया

यूट्यूब पर यह गाना 9 लाख से ज्यादा बार सुना जा चुका है। सरदूल सिकंदर के गानों की यह खासियत है कि इनके गानों को नई और पुरानी दोनों पीढियां पसंद करती हैं। कभी यह गाना हर महफिल की शान था और आज यूट्यूब पर सबका फेवरेट। 

इक कुड़ी दिल उत्ते छा गई

 1999 से लेकर 2021 तक सुना जाने वाला एक और फॉरएवर सॉन्ग है यह। जब ये गाना मशहूर हुआ उस समय गानों की वीडियोज बनाने का ट्रेंड नया नया शुरू हुआ था। शाइनी आहूजा और संदली की यह खूबसूरत वीडियो आज भी लोगों में जेहन में तरोताजा है। जितना दिलचस्प यह गाना था  उतनी ही मजेदार इसकी वीडियो। 

दिल दे दे या दिल लै ला

उनकी एलबम ओ हो के लगभग सभी गाने सुपरहिट थे। इसी एलबम का एक और गाना था दिल देदे या दिल लैला जो खूब चला। यह गाना इतना फेमस हुआ कि कभी यह गाना म्यूजिक चैनल्स पर चौबीस घंटे बजता था।  यह गाना अभी भी लोगों को बहुत पसंद है।

साडे परां तो सीखी उड्णां

सरदूल सिकंदर के कई सैड सॉन्ग् मशहूर हुए उनमें से एक यह भी है जिसे हर दिल टूटने वाले पंजाबी नौजवान ने सुना होगा। सैड सॉन्ग की लिस्ट में आज भी यह गाना टॉप पर है। 

मारी कोयल ने ऐसी कूक

सरदूल सिकंदर  ने सिर्फ पंजाबी नहीं बॉलीवुड में भी कई हिट सॉन्ग दिए। इनमें से एक है फिल्म द  हीरो का यह गाना । सनी दओल और प्रिटी जिंटा पर फिल्माया गया यह गाना एक डयूट सॉन्ग है। जो उन्होंने  जसपिंदर नरूला के साथ गाया था।   

ठोकरां 

सरदूल सिकंदर बेशक अपनी सेहत के कारण आखिरी सालों में काफी परेशान रहे पर उनका संगीत के प्रति प्रेम बिल्कुल भी कम नहीं हुआ। 2017 में रिलीज हुआ उनका गाना ठोकरां आज भी उनके फैन्स को बहुत पसंद है। ये उनके ऐसे यादगार गाने हैं जिन्हें जब जब सुना जाएगा सरदूल सिकंदर बहुत याद आएंगे।  

Have something to say? Post your comment